भाजपा विधान परिषद चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद अब पंचायत चुनावों में मैदान मारने की तैयारी में है। इसके लिए रणनीति बननी शुरू हो गई है। 11 दिसंबर को भाजपा के प्रदेश प्रभारी व पूर्व कृषि मंत्री राधा मोहन अलीगढ़ आ रहे हैं। वह कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे और यहां तैयारियों की नब्ज टटोलेंगे। हालांकि, पंचायत चुनाव भाजपा में भाजपा के लिए राह आसानी नहीं होगी। क्योंकि दिल्ली में किसान आंदोलन की लपट अलीगढ़ तक भी पहुंची है। यहां के भी तमाम किसान आंदोलन में कूद पड़े हैं।
पहली बार भाजपा का बेहतर प्रदर्शन
विधान परिषद चुनाव में पहली बार भाजपा ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इससे उत्साहित संगठन अब पंचायत चुनाव को लेकर कमर कसने जा रहा है। जिस प्रकार स एमएलसी चुनाव की रणनीति बनाई गई थी, उसी प्रकर से पंचायत चुनाव की भी तैयारी की जाएगी। 11 दिसंबर को प्रदेश प्रभारी राधा मोहन अलीगढ़ आ रहे हैं। प्रदेश प्रभारी बनने के बाद वह पहली बार अलीगढ़ आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि पंचायत चुनाव को लेकर वह संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। उसी समय जिला, महानगर, विधानसभा, मंडल और सेक्टर संयोजक तय किए जाएंगे, जिससे निचले स्तर तक जमीन तैयार की जा सके। चूंकि विधान परिषद में भाजपा ने इसी तरह की तैयारी की थी। हालांकि, पंचायत चुनाव में पूरी कार्यकारिणी अलग होगी।
अनुभवी कार्यकर्ताओं की बन रही सूची
भाजपा अनुभवी और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की सूची तैयार कर रही है। जिन्हें पंचायत चुनावों के बारे में अच्छी जानकारी हो, जिससे उन्हें चुनाव में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा सके। भाजपा की यह रणनीति भी मानी जा रही है, जिससे चुनाव में अधिक लोगों को सक्रिय कर सके।
दावेदार करेंगे शक्ति प्रदर्शन
प्रदेश प्रभारी राधा मोहन के आगमन पर दावेदार शक्ति प्रदर्शन जरूर करेंगे। क्योंकि विधानसभा चुनाव को अब एक साल का ही समय रह गया है। इसलिए जिले में विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटे दावेदार अब सक्रिय होंगे।
0 Comments